“बंगाल में कांग्रेस का जीतना नामुमकिन!” दिल्ली में अभिषेक मनु सिंघवी के बयान से अपनी ही पार्टी में खलबली

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए दिल्ली में चल रही कांग्रेस की बैठकों के बीच दिग्गज नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने चौंकाने वाला बयान दिया है। सिंघवी ने स्वीकार किया कि बंगाल में कांग्रेस के लिए अब कुछ ‘चमत्कार’ करने की गुंजाइश नहीं बची है। उन्होंने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के गठबंधन (I.N.D.I.A) के जो प्रमुख साथी हैं, उनकी जीत सुनिश्चित है।
सिंघवी ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछली बार अमित शाह ने 200 से ज्यादा सीटों का दावा किया था, लेकिन नतीजा ‘खोदा पहाड़, निकली चुहिया’ जैसा रहा। इस बार तो वह चुहिया भी नहीं निकलेगी। उनके इस बयान पर बंगाल कांग्रेस के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। प्रदेश कांग्रेस का कहना है कि यह सिंघवी की निजी राय हो सकती है, पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है। वहीं, टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि सिंघवी ने वही कहा है जो पूरा देश जानता है—कि ममता बनर्जी ही बंगाल में बीजेपी को रोकने वाली एकमात्र शक्ति हैं।