क्या हरिणघाटा में खिलेगा बागी कमल? निर्दलीय प्रत्याशी उतारने की धमकी से बीजेपी हाईकमान की बढ़ी टेंशन

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जैसे ही बीजेपी ने असीम सरकार को हरिणघाटा से अपना उम्मीदवार घोषित किया, नदिया जिले में पार्टी के अंदरूनी कलह सड़क पर आ गई। बुधवार को कस्तडांगा बाजार में सैकड़ों बीजेपी कार्यकर्ताओं ने असीम सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि असीम सरकार एक ‘बाहरी’ नेता हैं और उन्हें स्थानीय लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कल्याणी एम्स (AIIMS) में नौकरी दिलाने के नाम पर हुए कथित भ्रष्टाचार और असीम सरकार की ‘निरंकुश’ कार्यशैली को लेकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि यदि पार्टी आलाकमान उम्मीदवार नहीं बदलता, तो वे अपना खुद का ‘निर्दलीय’ प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे। चुनाव से ऐन पहले महुआ-बहुल इस क्षेत्र में बीजेपी की यह दरार टीएमसी के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकती है।