चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई: असम की गाड़ी से भारी मात्रा में कैश बरामद, शॉपिंग के नाम पर क्या छुपा रहे थे कारोबारी?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले लागू आदर्श आचार संहिता के बीच अलीपुरद्वार पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। शहर के वार्ड नंबर 13 स्थित बक्सा-फीडर रोड पर बुधवार को असम के एक व्यापारी की कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। हैरानी की बात यह है कि नोटों की गड्डियां कार की डिकी, सनरुफ और अन्य गुप्त हिस्सों में छिपाकर रखी गई थीं। पुलिस ने अब तक 3 लाख रुपये से अधिक का कैश जब्त किया है।
कौन है यह व्यापारी? पकड़े गए व्यक्ति की पहचान असम निवासी बिकेन ईश्वरारी के रूप में हुई है। वह असम में राशन डीलर और सुपारी का बड़ा कारोबारी बताया जा रहा है। पुलिस को असम नंबर की गाड़ी पर संदेह हुआ, जिसके बाद नाका चेकिंग के दौरान उसे रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी के डैशबोर्ड और सनरुफ के पास से 500 और 100 रुपये के नोटों की तादाद में गड्डियां मिलने लगीं।
शॉपिंग का बहाना और पुलिस का शक हिरासत में लिए गए व्यापारी बिकेन ने दावा किया कि वह अपनी पत्नी के साथ अलीपुरद्वार में घूमने और शॉपिंग करने आए थे। उन्होंने कहा, “यह मेरा अपना पैसा है और मैं अक्सर यहाँ खरीदारी के लिए आता हूँ।” हालांकि, पुलिस इस थ्योरी को मानने को तैयार नहीं है। सवाल यह है कि अगर पैसा खरीदारी के लिए था, तो उसे गाड़ी के गुप्त हिस्सों में क्यों छुपाया गया था?
चुनाव से जुड़ा कनेक्शन? चुनाव से ठीक पहले असम से भारी नकदी का बंगाल में आना कई सवाल खड़े करता है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस पैसे का इस्तेमाल मतदाताओं को लुभाने या चुनाव को प्रभावित करने के लिए किया जाना था। पुलिस अब व्यापारी के बैंक खातों और पुराने रिकॉर्ड्स की बारीकी से जांच कर रही है।