बंगाल चुनाव: चुनाव आयोग ने हटाया, नबान्न ने थमाया नया पद! 13 IAS अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले चुनाव आयोग और राज्य सरकार के बीच प्रशासनिक खींचतान तेज हो गई है। बुधवार को आयोग द्वारा हटाए गए 13 आईएएस (IAS) अधिकारियों को ममता सरकार ने महज 24 घंटे के भीतर नई नियुक्तियां दे दी हैं। इन अधिकारियों में 11 जिलाधिकारी (DM) और 2 जिला चुनाव अधिकारी (DEO) शामिल हैं, जिन्हें अब राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में सचिव और विशेष सचिव के रूप में तैनात किया गया है।

किसे मिला कौन सा विभाग? नबान्न द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, दक्षिण 24 परगना के पूर्व डीएम अरविंद कुमार मीणा को अल्पसंख्यक मामलों के विभाग का सचिव बनाया गया है। पूर्व बर्धमान की आयशा रानी को शहरी विकास विभाग और नदिया के निखिल निर्मल को स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव का पद दिया गया है। मालदा की प्रीति गोयल अब स्वास्थ्य विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगी।

कोलकाता के अधिकारियों का नया ठिकाना: कोलकाता में जिलाधिकारी का पद नहीं होने के कारण आयोग ने वहां के चुनाव अधिकारियों को भी बदला था। दक्षिण कोलकाता के पूर्व डीईओ सुमित गुप्ता को आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि उत्तर कोलकाता के अंशुल गुप्ता को शहरी विकास विभाग में भेजा गया है।

आयोग का सख्त रुख: चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव संपन्न होने तक हटाए गए किसी भी अधिकारी को चुनावी ड्यूटी में वापस नहीं लिया जाएगा। आयोग ने राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब तक कई पुलिस अधिकारियों (CP, SP और DIG) का भी तबादला किया है। वर्तमान में श्रीहरि पांडे को बर्धमान रेंज और कंकड़ प्रसाद बारुई को प्रेसीडेंसी रेंज का नया डीआईजी बनाया गया है। 19 मार्च की शाम तक सभी अधिकारियों को नए पदों पर रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *