सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली की चुनौती! “बंगाल में TMC नहीं, जनता की सरकार चाहिए”, भाजपा प्रत्याशी का बड़ा बयान

कोलकाता: पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है, जिसमें सबसे बड़ा नाम रूपा गांगुली का है। पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यहां उनका सीधा मुकाबला तृणमूल कांग्रेस की लवली मैत्र से होगा। टिकट मिलने के बाद ईटीवी भारत से खास बातचीत में रूपा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला और बंगाल की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
सोनारपुर से गहरा नाता रूपा गांगुली ने कहा कि सोनारपुर उनके लिए नया नहीं है। उन्होंने बताया, “मैंने अपने माता-पिता के लिए अपनी पहली कमाई से यहीं घर खरीदा था। मैं यहाँ की गलियों से वाकिफ हूँ। अगर जनता मुझे चुनती है, तो मैं उनके बीच रहकर काम करूँगी और मेरा एक स्थायी कार्यालय यहाँ होगा।” उन्होंने स्पष्ट किया कि वह केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि व्यवस्था बदलने आई हैं।
महिला सुरक्षा और ‘अभया’ कांड पर प्रहार राज्य में महिला सुरक्षा के गिरते स्तर पर बोलते हुए रूपा ने आरजी कर की घटना का जिक्र किया। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, “जब एक महिला मुख्यमंत्री ही पीड़ित लड़की के चरित्र या प्रेम संबंधों पर सवाल उठाती हैं, तो अपराधियों का मनोबल बढ़ जाता है। पश्चिम बंगाल मानव तस्करी और अपराध में आगे निकल चुका है, जिसे रोकना अब अनिवार्य है।” उन्होंने अभया की माँ के चुनाव लड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए इसे साहसपूर्ण कदम बताया।
विकास और बदलाव का विजन रूपा गांगुली के अनुसार, बंगाल को ‘कट-मनी’ संस्कृति से मुक्त करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्राम सड़क योजना और अन्य विकास कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कृषि कानून लागू न होने और बिचौलियों के बढ़ते प्रभाव पर भी सरकार को घेरा। रूपा ने कहा, “मेरा लक्ष्य एक ऐसी सरकार बनाना है जो किसी पार्टी की नहीं बल्कि बंगाल के लोगों की हो।” चुनावी व्यस्तता के कारण उन्होंने अपनी आगामी हिंदी फिल्मों की शूटिंग भी स्थगित कर दी है ताकि वह पूरी तरह से जनता की सेवा कर सकें।