“चोट करोगे तो पलटवार करना जानती है बंगाल की जनता,” घोषणापत्र से पहले ममता बनर्जी का बड़ा प्रहार!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तृणमूल कांग्रेस का घोषणापत्र जारी होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने दो टूक कहा, “अगर बंगाल के लोगों को चोट पहुंचाई गई, तो वे करारा पलटवार करना जानते हैं।” गौरतलब है कि टीएमसी इस बार अपने घोषणापत्र को ‘प्रतिज्ञा’ के नाम से पेश कर रही है, जिसमें ममता बनर्जी की दस मुख्य गारंटियां शामिल होने की उम्मीद है।
ममता बनर्जी ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की, “एकजुट होकर भाजपा को ऐसी शिक्षा दें कि वे दोबारा सर न उठा सकें।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के जरिए अधिकारियों का तबादला किया जा रहा है और राज्य में अवैध तरीके से राष्ट्रपति शासन जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है। उन्होंने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि भाजपा के पैसों और बंदूकों के प्रलोभन में न आएं।
सबसे चौंकाने वाला दावा करते हुए ममता ने कहा कि भाजपा बंगाल को विभाजित करने की साजिश रच रही है। उनके अनुसार, उत्तर बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों को मिलाकर एक नया राज्य बनाने की योजना है। उन्होंने डेलिमिटेशन (परिसीमन) और एनआरसी का जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार हार के डर से बंगाल के अस्तित्व को ही मिटाना चाहती है। ममता बनर्जी के इस आक्रामक रुख ने चुनाव से पहले बंगाल की राजनीतिक तपिश को और बढ़ा दिया है।