KKR के ₹18 करोड़ी खिलाड़ी पर सस्पेंस! श्रीलंका बोर्ड ने पाथिराना की फिटनेस पर दिया बड़ा बयान!

आईपीएल 2026 के आगाज से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। टीम के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी मथीशा पाथिराना, जिन्हें केकेआर ने 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा है, की फिटनेस को लेकर सस्पेंस गहरा गया है। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान लगी चोट के कारण पाथिराना अब तक कोलकाता नहीं पहुंच पाए हैं, जिससे फैंस के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
शुक्रवार को केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, “पाथिराना फिलहाल श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की देखरेख में रिहैब कर रहे हैं। हमारे और श्रीलंका बोर्ड के बीच हुई बातचीत के अनुसार, उनके अप्रैल के मध्य तक पूरी तरह फिट होकर लौटने की संभावना है।” इसका मतलब है कि केकेआर को सीजन के पहले 4-5 मैचों में अपने इस स्ट्राइक गेंदबाज के बिना ही उतरना पड़ सकता है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया है। बोर्ड का कहना है कि पाथिराना ने आईपीएल खेलने के लिए एनओसी (NOC) मांगी है, लेकिन अभी तक उन्हें हरी झंडी नहीं दी गई है क्योंकि उनका फिटनेस टेस्ट होना बाकी है। इससे पहले ऐसी खबरें थीं कि युद्ध के कारण फ्लाइट की समस्या की वजह से वे नहीं आ पा रहे हैं, जिसे केकेआर मैनेजमेंट ने पूरी तरह से आधारहीन बताया है। अब सबकी निगाहें श्रीलंका बोर्ड की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं।