शुभेंदु के गढ़ में अभिषेक की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! नंदीग्राम फतह के लिए 3 मेगा रैलियों का मास्टरप्लान!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में नंदीग्राम एक बार फिर सबसे बड़ा रणक्षेत्र बन गया है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के इस गढ़ में सेंध लगाने के लिए तृणमूल कांग्रेस के नंबर-दो नेता अभिषेक बनर्जी ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। नंदीग्राम सीट पर शुभेंदु के ही पूर्व करीबी पवित्र कर को उम्मीदवार बनाकर टीएमसी ने पहले ही सबको चौंका दिया था, और अब उन्हें जिताने के लिए अभिषेक बनर्जी पूर्वी मेदिनीपुर में तीन बड़े कार्यक्रम करने जा रहे हैं।
25 से 30 मार्च: अभिषेक का चुनावी रोडमैप जानकारी के अनुसार, अभिषेक बनर्जी 25 मार्च को नंदीग्राम में एक बड़ी कार्यकर्ता सभा के साथ अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 27 मार्च को पांशकुड़ा पूर्व में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम 30 मार्च को कांथी (Kanthi) में होगा, जहाँ वह एक क्लोज-डोर मीटिंग करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में अधिकारी परिवार के प्रभाव को खत्म करने के लिए गुप्त रणनीति तैयार की जाएगी।
भूमिपुत्र पर दांव और प्रतिष्ठा की लड़ाई 2021 में नंदीग्राम में ममता बनर्जी की हार का बदला लेने के लिए इस बार टीएमसी ने रणनीतिक बदलाव किया है। शुभेंदु अधिकारी इस बार भवानीपुर में ममता बनर्जी को चुनौती दे रहे हैं, तो नंदीग्राम में टीएमसी ने ‘मिट्टी के लाल’ पवित्र कर को उतारा है। पवित्र कर नंदीग्राम की नस-नस से वाकिफ हैं और कभी शुभेंदु के दाहिने हाथ माने जाते थे। अब उसी उम्मीदवार की पीठ पर अभिषेक बनर्जी का हाथ होना, बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।