मालदा में हड़कंप! पूर्व कांग्रेस विधायक की गाड़ी से हथियार बरामद, चुनाव से पहले गरमाई सियासत

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ से पहले मालदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई में एक पूर्व कांग्रेस विधायक की गाड़ी से हथियार बरामद होने का मामला सामने आया है। ओल्ड मालदा के चेचु मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी की तलाशी ली, जिसमें से एक ७ एमएम (7mm) पिस्तौल बरामद हुई। इस मामले में पुलिस ने गाड़ी में सवार ६ युवकों को गिरफ्तार किया है, जो पूर्व विधायक मुस्ताकिन आलम के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।

क्या है पूरा मामला? शनिवार शाम को जब पुलिस १२ नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी, तब इस संदिग्ध गाड़ी को रोका गया। गाड़ी की डिकी से हथियार मिलते ही पुलिस ने उसे जब्त कर लिया। गिरफ्तार युवक इंग्लिश बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कांग्रेस ने इस पर सफाई देते हुए कहा है कि यह हथियार पूर्व विधायक का लाइसेंसी हथियार है, जो गलती से गाड़ी में छूट गया था। कांग्रेस नेता मंतू घोष का कहना है कि इसके पीछे कोई आपराधिक इरादा नहीं था।

तृणमूल ने उठाए सवाल सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना को चुनाव से जोड़ते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ओल्ड मालदा नगर पालिका के चेयरमैन बिभूति घोष ने कहा कि चुनाव के समय इस तरह से हथियार का मिलना गंभीर विषय है। उन्होंने सवाल किया कि यदि हथियार लाइसेंसी था, तो विधायक की अनुपस्थिति में बाहरी लोग उसे लेकर क्यों घूम रहे थे? पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इसका इस्तेमाल चुनाव में अशांति फैलाने के लिए किया जाना था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *