IPL 2026: मुंबई इंडियंस सावधान! ईडन में शुरू हुई ग्रीन की गेंदबाजी, रफ्तार देख दंग रह गया नाइट राइडर्स मैनेजमेंट!

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सबसे महंगे निवेश कैमरून ग्रीन ने आईपीएल २०२६ के आगाज से पहले ही अपनी फिटनेस और फॉर्म का लोहा मनवा दिया है। ऑस्ट्रेलिया के इस घातक ऑलराउंडर को लेकर क्रिकेट जगत में संशय था कि क्या वे अपनी चोट के बाद गेंदबाजी कर पाएंगे। लेकिन रविवार को ईडन गार्डन में जो नजारा दिखा, उसने न केवल विरोधियों की नींद उड़ा दी है, बल्कि केकेआर के प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया है।
कैमरून ग्रीन को आईपीएल की मिनी नीलामी में २५.२० करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा गया था। वे आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी हैं। केकेआर ने उन्हें दिग्गज आंद्रे रसेल के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा है, जो अब टीम के साथ ‘पावर हिटिंग कोच’ के रूप में जुड़े हैं। रसेल की कमी को पूरा करना कोई आसान काम नहीं था, लेकिन ग्रीन ने रविवार को करीब आधे घंटे तक नेट सत्र में पसीना बहाकर यह साबित कर दिया कि वे पूरी तरह तैयार हैं।
नेट प्रैक्टिस के दौरान ग्रीन की एक बिजली जैसी तेज गेंद ने केकेआर के बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के स्टंप्स हवा में उड़ा दिए। ग्रीन की रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ देखकर कोच और मैनेजमेंट काफी उत्साहित नजर आए। अब यह स्पष्ट हो गया है कि ग्रीन केवल एक विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में नहीं, बल्कि एक फ्रंटलाइन गेंदबाज के रूप में भी मैदान पर उतरेंगे।
नाइट राइडर्स अपना पहला मैच २९ मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलेंगे। रसेल के संन्यास के बाद, अब सारी उम्मीदें ग्रीन पर टिकी हैं। ईडन के मैदान पर ग्रीन की इस ‘बॉलिंग दहाड़’ ने साफ कर दिया है कि इस सीजन में ‘ग्रीन रिवोल्यूशन’ आने वाला है।