धरा रह गया मोहसिन नकवी का घमंड! लाहौर कलंदर्स को ठेंगा दिखाकर राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए शनाका!

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उसके चेयरमैन मोहसिन नकवी को एक बार फिर बीसीसीआई की ताकत का एहसास हो गया है। आईपीएल २०२६ के साथ टकराने की कोशिश में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) ने अपनी फजीहत करा ली है। खबर है कि श्रीलंका के टी-२० कप्तान दासुन शनाका ने पीएसएल का अनुबंध तोड़कर आईपीएल में शामिल होने का फैसला किया है। वे राजस्थान रॉयल्स में चोटिल सैम करन की जगह लेंगे।
शनाका को लाहौर कलंदर्स के लिए खेलना था, लेकिन जैसे ही आईपीएल का बुलावा आया, उन्होंने पाकिस्तान जाने से मना कर दिया। इससे पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने भी इसी तरह पीएसएल छोड़ आईपीएल का रुख किया था। नीलामी में अनसोल्ड रहने के बाद इन खिलाड़ियों ने पीएसएल के साथ करार किया था, लेकिन रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल का दरवाजा खुलते ही उन्होंने नकवी की धमकियों को दरकिनार कर दिया।
मोहसिन नकवी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि पीएसएल छोड़ने वाले खिलाड़ियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, विदेशी खिलाड़ी इस धमकी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। वित्तीय लाभ और वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता के मामले में आईपीएल और पीएसएल के बीच जमीन-आसमान का अंतर है। राजस्थान रॉयल्स के सूत्रों के अनुसार, शनाका के साथ बातचीत अंतिम चरण में है और औपचारिकताएं पूरी होते ही वे भारत पहुंच जाएंगे। टी-२० वर्ल्ड कप २०२६ में शानदार प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों का आईपीएल की ओर खिंचाव साबित करता है कि क्रिकेट की असली दुनिया आज भी भारत के इर्द-गिर्द घूमती है।