CBSE का बड़ा फैसला! पश्चिम एशिया में युद्ध के चलते १०वीं की परीक्षा रद्द, जानें क्या है मार्किंग फॉर्मूला

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और तनावपूर्ण स्थितियों के कारण शिक्षा व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है। कई बार परीक्षाएं स्थगित करने के बाद, अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के सात देशों—ईरान, कुवैत, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), बहरीन, कतर और सऊदी अरब में १०वीं की शेष परीक्षाएं रद्द करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। बोर्ड ने अब स्पष्ट कर दिया है कि इन छात्रों का रिजल्ट किस आधार पर तैयार किया जाएगा।
मूल्यांकन की नई पद्धति: CBSE के अनुसार, १७ से २८ फरवरी के बीच जो परीक्षाएं सफलतापूर्वक आयोजित की गई थीं, उन्हें ही आधार बनाया जाएगा। १ मार्च के बाद की सभी परीक्षाएं रद्द मानी जाएंगी। छात्रों को मिलने वाले अंक इस प्रकार तय होंगे:
- ४ विषयों की परीक्षा देने वाले छात्र: उनके सर्वश्रेष्ठ ३ विषयों के औसत अंक शेष विषयों में जोड़े जाएंगे।
- ३ विषयों की परीक्षा देने वाले छात्र: उनके सर्वश्रेष्ठ २ विषयों के औसत अंकों के आधार पर परिणाम तैयार होगा।
- २ विषयों की परीक्षा देने वाले छात्र: उनके दोनों विषयों के औसत अंकों को आधार माना जाएगा।
इसके साथ ही, स्कूलों द्वारा साल भर लिए गए इंटरनल असाइनमेंट (Internal Assignment) के अंकों को भी अंतिम परिणाम में शामिल किया जाएगा। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि १०वीं के छात्रों को दो बार परीक्षा देने का जो विकल्प मिलता है, वह इन छात्रों के लिए भी उपलब्ध रहेगा। १२वीं कक्षा के मूल्यांकन की प्रक्रिया जल्द ही घोषित की जाएगी।