कटमनी और घुसपैठियों की सरकार से मिलेगी मुक्ति, बंगाल में खिलेगा कमल: नितिन नबीन

बीजेपी के अखिल भारतीय नेता नितिन नबीन ने कोलकाता में हुंकार भरते हुए घोषणा की है कि 4 मई के बाद पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ‘होली’ खेली जाएगी। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि राज्य में अगली सरकार भारतीय जनता पार्टी की ही बनेगी और जीत का जश्न ऐतिहासिक होगा। नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे अर्जुन ने मछली की आंख पर निशाना साधा था, वैसे ही हर कार्यकर्ता को अपने बूथ पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए नबीन ने कहा, “जो सरकार मां-माटी-मानुष के नाम पर आई थी, वह आज घुसपैठियों और रोहिंग्यों की शरणस्थली बन गई है। बंगाल की जनसांख्यिकी (Demography) बदली जा रही है और हर काम में कटमनी का खेल चल रहा है।” उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा की स्थिति पर भी गंभीर सवाल उठाए।
नितिन नबीन ने आगे आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार ने राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जिससे उद्योगपति बंगाल छोड़कर चले गए हैं। उन्होंने सीमा सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार घुसपैठ रोकने के लिए जमीन नहीं देती, लेकिन बांग्लादेशियों को बसाने के लिए जमीन उपलब्ध करा देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाएं और इस ‘निर्मम सरकार’ के अंत के लिए पूरी ताकत लगा दें।