कोलकाता के आसमान में फंसा ममता बनर्जी का विमान! भारी बारिश और तूफान के बीच लैंडिंग में बड़ी दिक्कत!

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विमान आज कोलकाता में खराब मौसम के कारण बड़ी मुसीबत में फंस गया। अंडाल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद जैसे ही मुख्यमंत्री का विमान कोलकाता के करीब पहुंचा, आसमान में गरज के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। खराब विजिबिलिटी और तेज हवाओं के चलते विमान को लैंड करने की अनुमति नहीं मिल सकी, जिसके बाद मुख्यमंत्री का विमान काफी समय से आसमान में ही चक्कर काट रहा है।
अंडाल से वापसी के दौरान हादसा: चुनाव प्रचार के सिलसिले में ममता बनर्जी आज पांडवेश्वर और दुबराजपुर में थीं। वहां जनसभाओं को संबोधित करने के बाद वे शाम ३:५५ बजे कोलकाता पहुंचने वाली थीं। हालांकि, कोलकाता एयरपोर्ट पर मौसम अचानक बिगड़ गया। एटीसी (ATC) सूत्रों का कहना है कि पायलट को तब तक इंतजार करने को कहा गया है जब तक कि लैंडिंग के लिए परिस्थितियां सुरक्षित न हो जाएं।
बीजेपी पर साधा था निशाना: इस हवाई संकट से पहले, ममता बनर्जी ने अपनी रैलियों में केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने गैस की कीमतों और लॉकडाउन की अफवाहों पर कहा, “ये लोग फिर से लॉकडाउन की योजना बना रहे हैं ताकि लोग बाहर न निकल सकें, लेकिन वे लोगों के अधिकारों पर ताला नहीं लगा सकते।” उन्होंने यह भी वादा किया कि जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, उन्हें टीएमसी मुफ्त कानूनी सहायता देगी।
फिलहाल, कोलकाता एयरपोर्ट पर अधिकारी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट पर सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है।