असली शंख नहीं, मिट्टी का जादू! रायगंज की गृहिणी ने मिट्टी से बनाया बजने वाला शंख, कमाई देख सब हैरान

पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज की एक गृहिणी ने साबित कर दिया है कि अगर हुनर हो तो मिट्टी से भी सोना पैदा किया जा सकता है। रायगंज के वीरघई इलाके की रहने वाली वासना सरकार ने अपने अनोखे बिजनेस आइडिया से सबको चौंका दिया है। वे केवल मिट्टी का उपयोग करके ऐसे शंख बना रही हैं, जो न केवल दिखने में असली लगते हैं, बल्कि बजने में भी असली शंख को मात देते हैं।
मिट्टी और मेहनत का मेल वासना पिछले दो वर्षों से इन मिट्टी के शंखों का निर्माण कर रही हैं। वे पहले मिट्टी को हाथ से शंख का आकार देती हैं, फिर उसे धूप में सुखाकर कोयले की आग में तपाती हैं। अंत में, आकर्षक रंगों से सजाकर इन्हें बाजार में बेचा जाता है। वासना का कहना है कि उन्होंने बचपन में सुना था कि मिट्टी के शंख भी बज सकते हैं, और इसी बात को सच साबित करने के लिए उन्होंने यह प्रयोग शुरू किया।
धोने पर बढ़ती है आवाज इस बिजनेस की सबसे खास बात यह है कि ये शंख पूरी तरह से वॉटरप्रूफ हैं। इन्हें पानी से धोने पर इनकी आवाज और भी तेज और सुरीली हो जाती है। आज वासना सरकार आत्मनिर्भरता की एक मिसाल बन चुकी हैं। उनकी यह छोटी सी शुरुआत अब एक सफल बिजनेस में बदल चुकी है, जिससे उन्हें अच्छी खासी आमदनी हो रही है।