कॉमर्स के पेपर में आया ‘रहमान डाकू’ का सवाल! 1000 करोड़ी ‘धुरंधर 2’ का क्रेज देख शिक्षक भी हुए हैरान

बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ की ‘धुरंधर’ और 1000 करोड़ के करीब पहुंच चुकी ‘धুরंधर 2’ का जादू अब सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहा है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फ्रेंचाइजी का क्रेज अब स्कूलों की परीक्षाओं तक पहुंच गया है। हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक कॉमर्स शिक्षक का प्रश्नपत्र वायरल हुआ है, जिसमें पार्टनरशिप फर्म के ‘प्रॉफिट-शेयरिंग रेशियो’ को समझाने के लिए फिल्म के किरदारों—जमील जमाली, एसपी चौधरी असलम और यालीना जमाली का इस्तेमाल किया गया है। सवाल में फिल्म के प्लॉट का जिक्र करते हुए ‘रहमान डाकू’ की मौत की तारीख तक लिखी गई है, जिसे देख छात्र और नेटिजन्स अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं।
जहां एक ओर फिल्म नए रिकॉर्ड बना रही है, वहीं दूसरी ओर फिल्म में एएसपी उमर हैदर (संजय दत्त के दाहिने हाथ) का किरदार निभाने वाले अभिनेता आदित्य उप्पल के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। आदित्य ने खुलासा किया है कि उन्हें पाकिस्तान से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि कराची के असली एसपी उमर हैदर ने भी अभिनेता के काम पर गौर किया है और विकिपीडिया पर असली अधिकारी के पेज पर आदित्य उप्पल का नाम भी जुड़ गया है।
आदित्य उप्पल ने एक इंटरव्यू में बताया कि दुबई के एक व्यवसायी के माध्यम से उन्हें पता चला कि असली पुलिस अधिकारी उनकी प्रोफाइल देख रहे हैं। हालांकि उन्हें विदेशी दर्शकों से प्यार मिल रहा है, लेकिन सीधे पाकिस्तान से आने वाले संदेशों में उन्हें शारीरिक नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही है। इन धमकियों के बावजूद आदित्य बहुत ही शालीनता से जवाब दे रहे हैं कि वह केवल एक अभिनेता हैं और अपना काम कर रहे हैं। रणबीर सिंह अभिनीत यह स्पाई थ्रिलर न केवल भारतीय सिनेमा के इतिहास को बदल रही है, बल्कि आम जनजीवन का हिस्सा भी बन गई है।