भारत में फिर लगेगा लॉकडाउन? ईंधन संकट के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिया बड़ा बयान

मध्य पूर्व (Middle East) में बढ़ते तनाव और ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध जैसी स्थिति ने वैश्विक स्तर पर तेल और एलपीजी की आपूर्ति को बुरी तरह प्रभावित किया है। भारत में भी इस संकट के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच, देश में एक बार फिर ‘लॉकडाउन’ शब्द की चर्चा तेज हो गई है। पिछले मंगलवार को संसद में प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या सरकार फिर से पाबंदियां लगाने जा रही है? हालांकि, केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘अफवाह’ करार दिया।
हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर स्पष्ट किया, “भारत में लॉकडाउन की खबरें पूरी तरह से झूठी और निराधार हैं। सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। संकट के इस समय में हमें शांत और जिम्मेदार रहने की जरूरत है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के बावजूद, भारत ने अपने भंडार और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाए रखा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराकर पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं, क्योंकि देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।
युद्ध के कारण पैदा हुए इस आर्थिक संकट की समीक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी आज शाम 6:30 बजे सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए राज्यों की तैयारी पर चर्चा होगी। हालांकि, चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आचार संहिता के कारण इस बैठक से बाहर रखा गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप और मोदी के बीच हालिया बातचीत और अब राज्यों के साथ यह समन्वय, भारत को वैश्विक ऊर्जा संकट से सुरक्षित रखने की एक बड़ी रणनीतिक पहल है।