“एक पैसा वेतन नहीं लेती, फिर भी मुझे चोर कहते हैं!” पांड़वेश्वर की सभा में ममता का पलटवार

बंगाल में चुनाव प्रचार अब अपने चरम पर है। एक तरफ ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी मोर्चा संभाले हुए हैं, तो दूसरी तरफ विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी। गुरुवार को पश्चिम बर्द्धमान के पांड़वेश्वर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी द्वारा लगाए जा रहे ‘भ्रष्टाचार’ के आरोपों का करारा जवाब दिया। ममता ने कड़े शब्दों में कहा, “बीजेपी कहती है कि टीएमसी के सभी लोग चोर-डाकू हैं। मैंने मुख्यमंत्री के रूप में आज तक एक पैसा वेतन नहीं लिया है। मैं किसी के पैसे की चाय तक नहीं पीती, फिर भी ये मुझे चोर कहते हैं। ये लोग नग्न भाषा का प्रयोग करते हैं और अभद्र व्यवहार के आदी हैं।”

ममता बनर्जी ने आसनसोल क्षेत्र में किए गए अपने विकास कार्यों का हिसाब देते हुए जनता से पूछा कि आसनसोल को नया जिला किसने बनाया? मल्टी-सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, अंडाल एयरपोर्ट और नजरुल इस्लाम यूनिवर्सिटी का निर्माण किसने कराया? उन्होंने कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूरों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मजदूर कड़ी धूप में मेहनत करते हैं, लेकिन मुनाफा बाहरी लोग ले जाते हैं। ममता ने दावा किया कि वह पिछले 5-6 वर्षों से बंद खदानों को राज्य सरकार के साथ मिलकर चलाने का प्रस्ताव दे रही हैं ताकि मजदूरों का भविष्य सुरक्षित रहे, लेकिन केंद्र सरकार केवल खदानों का निजीकरण करने और लूट मचाने में व्यस्त है।

बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इनका काम सिर्फ ‘लूट और झूठ’ है। ये लोग रात के अंधेरे में तांडव करते हैं और बंगाल की शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं।” ममता बनर्जी ने स्पष्ट कर दिया कि विकास के कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी और बीजेपी के दुष्प्रचार का जवाब जमीन पर दिया जाएगा। पांड़वेश्वर की इस सभा ने साफ कर दिया है कि आने वाले चुनाव में ममता बनर्जी विपक्ष के हर हमले का जवाब और भी आक्रामक अंदाज में देने वाली हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *