“पायलट बहुत अच्छा था, उसने जान बचाई!” हवा में डेढ़ घंटे तक फंसा रहा ममता बनर्जी का विमान, सुनाया रोंगटे खड़े करने वाला किस्सा

चुनाव प्रचार के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बचीं। गुरुवार को अंडाल से कोलकाता लौटते समय खराब मौसम और भारी बारिश के कारण उनका विशेष विमान करीब डेढ़ घंटे तक आसमान में ही चक्कर लगाता रहा। शुक्रवार को फिर से चुनाव प्रचार के लिए रवाना होने से पहले ममता ने अपने पायलट की जमकर तारीफ की और कहा, “पायलट बहुत अच्छा था, उसने हमारी जान बचाई है।”
क्या हुआ था उस शाम? गुरुवार दोपहर 3:39 बजे मुख्यमंत्री का विमान अंडाल से उड़ा था और उसे 3:55 बजे कोलकाता उतरना था। लेकिन ऐन वक्त पर कोलकाता में भीषण आंधी-तूफान और ओलावृष्टि शुरू हो गई। खराब दृश्यता (Visibility) के कारण विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिली। करीब 90 मिनट तक विमान बादलों और बिजली की कड़कड़ाहट के बीच हवा में हिचकोले खाता रहा।
पायलट की सूझबूझ से टला खतरा विमान में सवार लोग दहशत में थे, लेकिन पायलट ने अपना आपा नहीं खोया। अंततः शाम 5:18 बजे विमान को सुरक्षित लैंड कराया गया। शुक्रवार को ममता बनर्जी ने इस घटना को याद करते हुए पायलट को ‘लाइफ सेवर’ बताया। आज सुबह मौसम की अनिश्चितता के कारण पहले सड़क मार्ग से जाने की बात हुई थी, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री ने दोबारा उसी पायलट के भरोसे हवाई सफर करने का फैसला किया।