तृणमूल के खिलाफ ‘चार्जशीट’ लेकर आज कोलकाता पहुंचेंगे अमित शाह, 14 बिंदुओं पर ममता सरकार को घेरने की तैयारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने अपनी आक्रामक रणनीति तैयार कर ली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी शुक्रवार रात कोलकाता पहुंच रहे हैं। शनिवार को न्यू टाउन के एक होटल में वह तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार के खिलाफ बीजेपी की ‘चार्जशीट’ या श्वेत पत्र जारी करेंगे। इस दस्तावेज में ममता बनर्जी के पिछले 15 साल के शासन के दौरान राज्य की ‘दुर्दशा’ का कच्चा चिट्ठा पेश किया जाएगा।
शाह का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, शाह शुक्रवार रात 11:40 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे न्यू टाउन के होटल जाएंगे। शनिवार दोपहर 12 बजे उनका मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। एक घंटे तक चलने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वह टीएमसी सरकार के खिलाफ आरोपों की लंबी सूची जारी करेंगे। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी और सुकांत मजूमदार जैसे वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे। दोपहर 1:20 बजे वह वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
ममता और अभिषेक दोनों निशाने पर बीजेपी की इस चार्जशीट में 14 प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई है, जहां सरकार विफल रही है। खास बात यह है कि बीजेपी न केवल ममता बनर्जी बल्कि अभिषेक बनर्जी को भी सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा कर रही है। पार्टी की रणनीति पहले ‘समस्याओं’ (चार्जशीट) को उजागर करने की है, जिसके बाद समाधान के रूप में चुनाव घोषणापत्र जारी किया जाएगा। शाह को ‘जेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, जिसके मद्देनजर कोलकाता और पश्चिम बंगाल पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।