योगी सरकार का बड़ा फैसला! अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए बनेंगे 6 नए हाई-टेक हॉस्टल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के अनुसूचित जाति (SC) के छात्रों के लिए शिक्षा की राह आसान करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ‘प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना’ (PM-AJAY) के तहत प्रदेश में 6 नए आधुनिक हॉस्टल बनाए जाएंगे। इस परियोजना के लिए कुल 12.30 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिसमें से 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी भी कर दी गई है।
इन जिलों को मिलेगा लाभ: योजना के अनुसार, जौनपुर, सुल्तानपुर और हाथरस में एक-एक हॉस्टल का निर्माण होगा, जबकि फिरोजबाद में तीन नए हॉस्टल बनाए जाएंगे। इन हॉस्टलों को एक ‘लर्निंग हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां छात्रों को रहने के साथ-साथ पढ़ाई का बेहतरीन माहौल मिलेगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे हॉस्टल: इन हॉस्टलों में सुसज्जित कमरे, आधुनिक मेस, लाइब्रेरी और मनोरंजन कक्ष जैसी सुविधाएं होंगी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ वार्डन और गार्ड्स के लिए अलग व्यवस्था होगी। समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने कहा कि निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। योगी सरकार का यह कदम एससी छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें प्रतिस्पर्धा में आगे लाने में मील का पत्थर साबित होगा।