हादसे के बाद फिर आसमान में ममता! पायलटों की तारीफ और भाजपा पर ‘सुपर हिटलर’ वाला प्रहार!

गुरुवार को खराब मौसम के कारण विमान के हवा में फंसने के डरावने अनुभव के बावजूद, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को एक बार फिर हवाई यात्रा पर भरोसा जताया। सड़क मार्ग से अंडाल जाने का फैसला बदलकर वह विमान से ही पश्चिम वर्धमान के लिए रवाना हुईं। रवानगी से पहले उन्होंने कल के पायलटों की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी सूझबूझ ने सबकी जान बचाई।

वोटर लिस्ट और ‘लोकतंत्र की हत्या’ अंडाल पहुंचने से पहले ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने को ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, “एक बूथ पर 500 में से 400 नाम गायब कर दिए गए हैं। क्या ये कोई जमींदारी चल रही है?” उन्होंने मोदी-शाह का नाम लिए बिना उन्हें ‘सुपर हिटलर’ कहा और घोषणा की कि जिन लोगों के नाम कटे हैं, उन्हें मुफ्त कानूनी सहायता देने के लिए जिला स्तर पर ट्रिब्यूनल बनाए जाएंगे।

महंगाई और गैस आपूर्ति पर चिंता मुख्यमंत्री ने रसोई गैस और ईंधन की कीमतों में बढ़ोत्तरी को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आशंका जताई कि भारी मात्रा में केंद्रीय बलों की तैनाती के कारण बंगाल में गैस आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की जनता को किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए ममता ने स्पष्ट किया कि बंगाल की जनता भाजपा के इन ‘तानाशाही’ रवैये का योग्य जवाब देगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *