“बीजेपी असभ्य है, बुरी तरह हारेगी!” सायांतिका बनर्जी के नाम पर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल से मचा बवाल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बरानगर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक पारा अपने चरम पर है। टीएमसी उम्मीदवार सायांतिका बनर्जी और बीजेपी के सजल घोष के बीच जुबानी जंग अब ‘साइबर वॉर’ में तब्दील हो गई है। सायांतिका ने बीजेपी पर उनके नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर कार्यकर्ताओं को गुमराह करने का गंभीर आरोप लगाया है।
फेक अकाउंट और चैट का जाल सायांतिका बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि बीजेपी की आईटी सेल उनकी छवि खराब करने के लिए उनके नाम से फर्जी प्रोफाइल चला रही है। आरोप है कि इस फेक आईडी से टीएमसी कार्यकर्ताओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और चैट के जरिए उनके परिवार की निजी जानकारियां हासिल करने की कोशिश की जा रही है। सायांतिका ने इसे बीजेपी की ‘ओछी राजनीति’ करार दिया है।
सायांतिका की कार्यकर्ताओं को चेतावनी विधायक सायांतिका ने साफ किया कि फेसबुक पर उनका केवल एक ही आधिकारिक पेज है, जो ‘ब्लू टिक’ के साथ है और जिस पर 70 लाख (7 Million) से अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्होंने कहा, “मेरा कोई पर्सनल प्रोफाइल नहीं है और मेरी टीम पेज संभालती है। मैं किसी को व्यक्तिगत रूप से रिक्वेस्ट नहीं भेजती।” उन्होंने ‘AITC बरानगर’ पेज को भी अधिकृत बताया।
बरानगर में कड़ा मुकाबला 2024 के उपचुनाव में सायांतिका ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। इस बार उनके सामने बीजेपी के कद्दावर नेता सजल घोष हैं। सायांतिका ने हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी को पता है कि वे चुनाव हार रहे हैं, इसलिए वे ऐसे हथकंडे अपना रहे हैं। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को मनगढ़ंत बताया है। बरानगर की जनता अब इस ‘साख की लड़ाई’ में किसे चुनती है, यह देखना दिलचस्प होगा।