मणिपुर जल रहा है और शाह बंगाल में रैली कर रहे हैं! तृणमूल ने जारी की ‘जवाबी चार्जशीट’, सुरक्षा पर उठाए सवाल

कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा तृणमूल कांग्रेस सरकार के खिलाफ ‘चार्जशीट’ जारी करने के कुछ ही घंटों बाद, ममता बनर्जी की पार्टी ने ‘मोटा भाई, जवाब दो’ के नारे के साथ जवाबी मोर्चा खोल दिया। शनिवार को तृणमूल भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महुआ मोइत्रा, कीर्ति आजाद और मंत्री ब्रात्य बसु ने शाह के कार्यकाल की विफलताओं का कच्चा चिट्ठा पेश किया।

सांसद महुआ मोइत्रा ने देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर अमित शाह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पूछा, “जब 26 निर्दोष पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, तब आपकी सुरक्षा एजेंसियां कहां थीं? भाजपा सांसदों के निजी कार्यक्रमों में तो सैकड़ों सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन आम जनता की सुरक्षा शून्य क्यों है?”

TMC की इस चार्जशीट में मणिपुर हिंसा का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। मोइत्रा ने कहा, “मणिपुर तीन साल से जल रहा है। महिलाओं के साथ बर्बरता हुई, उन्हें निर्वस्त्र कर घुमाया गया। आपने वहां शांति बहाली के लिए क्या किया?” इसके अलावा, 2023 में संसद की सुरक्षा में हुई चूक और आरोपी को भाजपा सांसद द्वारा पास जारी किए जाने के मुद्दे पर भी शाह को घेरा गया।

घुसपैठ के मुद्दे पर शाह के आरोपों का जवाब देते हुए महुआ ने आंकड़ों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि शाह के अपने मंत्रालय ने राज्यसभा में स्वीकार किया है कि पिछले 10 वर्षों में बंगाल से केवल 3,500 बांग्लादेशियों को वापस भेजा गया है। उन्होंने सवाल किया कि अगर सीमाओं पर 97% बाड़ लग चुकी है, तो घुसपैठ के लिए बीएसएफ और गृह मंत्रालय जिम्मेदार क्यों नहीं हैं? इस जवाबी हमले ने साफ कर दिया है कि 2026 के चुनावों से पहले बंगाल की राजनीति अब बेहद आक्रामक मोड़ ले चुकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *