‘दो शैतानों ने छीन ली मेरी शक्तियां’, बंगाल में अफसरों के तबादले पर बुरी तरह भड़कीं ममता बनर्जी!

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के मद्देनजर रानीगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का नाम लिए बिना उन्हें ‘दो शैतान’ करार दिया और आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के जरिए बंगाल के अधिकारियों का तबादला कर राज्य में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
आयोग पर बरसीं ममता: ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को ‘बीजेपी की वॉशिंग मशीन’ बताते हुए कहा कि अनुभवी अधिकारियों को केरल और तमिलनाडु भेज दिया गया है ताकि बंगाल में बाहरी गुंडे और बेनामी पैसा लाया जा सके। उन्होंने दावा किया कि सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट में एआई (AI) का गलत इस्तेमाल कर हजारों मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं, जो लोकतंत्र के खिलाफ एक बड़ी साजिश है।
बुलडोजर और पुलिस का स्पष्टीकरण: सभा के दौरान ममता ने बेहाला में दुकानों पर बुलडोजर चलाए जाने का मुद्दा उठाया और दुकानदारों से माफी मांगी। हालांकि, इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट किया है कि बेहाला में दुकान तोड़े जाने की घटना 2024 की है, जिसे 2026 के चुनावों के दौरान फर्जी तरीके से प्रचारित किया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।