अभिषेक की सभा से पहले TMC को बड़ा झटका! बादुड़िया के विधायक काजी अब्दुल रहीम का इस्तीफा

बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले बशीरहाट में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर बगावत के सुर तेज हो गए हैं। आज ही संदेशखाली में अभिषेक बनर्जी की बड़ी जनसभा होनी है, लेकिन उससे ठीक पहले बादुड़िया के मौजूदा विधायक काजी अब्दुल रहीम ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा पोस्ट करते हुए रहीम ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि 2021 के कठिन समय में पार्टी के लिए लड़ने वाले ‘वफादारों’ को इस बार नजरअंदाज किया गया है।
अब्दुल रहीम ने लिखा, “मैं मानसिक रूप से बहुत आहत हूं। पार्टी ने उन लोगों को टिकट दिया है जिन्होंने लंबे समय तक टीएमसी का विरोध किया। मेरे पिता के आदर्शों ने मुझे कभी भी अन्याय से समझौता करना नहीं सिखाया।” गौरतलब है कि बशीरहाट संगठनात्मक जिले की 7 सीटों में से 6 पर टीएमसी ने मौजूदा विधायकों का टिकट काट दिया है। बादुड़िया से इस बार बुरहानुल मुकादिम लिटन को उम्मीदवार बनाया गया है। संदेशखाली में अभिषेक बनर्जी के पहुंचने से कुछ घंटे पहले विधायक का यह कदम पार्टी के लिए बड़ी सिरदर्दी बन सकता है।