१२०० करोड़ का कलेक्शन और पाकिस्तान की डिमांड! ‘धुरंधर २’ के मुनाफे में आधा हिस्सा मांग रहा है लियारी

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है। १९ मार्च २०२६ को रिलीज हुई इस फिल्म ने महज १० दिनों में दुनिया भर में १२२६.४४ करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। लेकिन इस शानदार कामयाबी के बीच एक बेहद अजीबोगरीब विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के कराची स्थित कुख्यात इलाके ‘लियारी’ (Lyari) के निवासियों ने फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी की मांग की है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में लियारी के स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि चूंकि फिल्म में उनके इलाके की स्थिति और अंडरवर्ल्ड को दिखाया गया है, इसलिए फिल्म की कमाई का एक बड़ा हिस्सा वहां के विकास के लिए दिया जाना चाहिए। ‘कंपैरिजन टीवी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर एक निवासी कहता नजर आ रहा है, “फिल्म ने १२०० करोड़ कमाए हैं, तो कम से कम ५०० करोड़ हमें दे दें ताकि हम अपनी सड़कें बनवा सकें। यहां पैदल चलने वाले बच्चों के पैरों में छाले पड़ जाते हैं।” एक अन्य व्यक्ति ने तो ७०-८০ प्रतिशत तक हिस्सा मांग लिया है।
इस वीडियो के वायरल होते ही भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स ने मजे लेना शुरू कर दिया है। किसी ने लिखा, “लगता है लियारी वाले अब पाकिस्तान सरकार से नहीं बल्कि बॉलीवुड से उम्मीद लगाए बैठे हैं,” तो किसी ने तंज कसते हुए कहा कि “आदित्य धर को लियारी का मसीहा घोषित कर देना चाहिए।” फिल्म की कहानी में रणवीर सिंह ‘जसकीरत सिंह रांगी’ उर्फ ‘हमजा अली माजारी’ के किरदार में हैं, जो लियारी के गैंग्स के बीच घुसकर आतंकी नेटवर्क का सफाया करता है। फिल्म में संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज कलाकार भी शामिल हैं। भारत में ७৭৮ करोड़ का नेट कलेक्शन करने वाली यह फिल्म अब अपनी कमाई के साथ-साथ इस पाकिस्तानी ‘डिमांड’ को लेकर भी चर्चा में बनी हुई है।