बड़ी खबर: चैटजीपीटी का विवादित ‘इरोटिक मोड’ अनिश्चितकाल के लिए टला, जानें क्यों पीछे हटे सैम ऑल्टमैन?

एआई की दुनिया में तहलका मचाने वाला चैटजीपीटी (ChatGPT) का ‘इरोटिक मोड’ (Erotic Mode) फिलहाल लॉन्च नहीं होगा। ओपनएआई (OpenAI) ने अपने इस चर्चित ‘नॉटी चैट’ फीचर को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है। कंपनी ने यह फैसला सुरक्षा कारणों, नैतिक चिंताओं और नाबालिगों तक गलत कंटेंट पहुंचने के जोखिम को देखते हुए लिया है।
दरअसल, कई यूजर्स एआई को अपना साथी मानकर उससे यौन संचार (Erotic Chat) कर रहे थे। इसे देखते हुए सैम ऑल्टमैन ने पहले संकेत दिया था कि वे वयस्कों के लिए सामग्री संबंधी प्रतिबंधों में ढील देंगे। लेकिन एलन मस्क के ‘Grok’ जैसे मॉडल्स में अश्लील कंटेंट के बढ़ते विवाद के बाद ओपनएआई पर सुरक्षा नियमों को कड़ा करने का दबाव बढ़ गया। कंपनी का मानना है कि एआई के साथ यौन संवाद का इंसानी भावनाओं पर क्या असर पड़ेगा, इसके लिए अभी और लंबी रिसर्च की जरूरत है।