बंगाल में आग का तांडव! उत्तर 24 परगना में 50 दुकानें जलकर राख, व्यापारियों में मचा हाहाकार

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बनगांव से आगजनी की एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। रविवार देर रात बनगांव थाना क्षेत्र के कलमबागान बाजार में भीषण आग लगने से लगभग 50 दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। इस हादसे में मछली, सब्जी, चावल और किराने की दुकानों समेत कॉस्मेटिक्स के शोरूम को भारी नुकसान हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि उनकी जीवन भर की कमाई कुछ ही घंटों में राख की ढेर बन गई और लाखों का माल बर्बाद हो गया।

कलमबागान का यह बाजार करीब 35 साल पुराना है। आधी रात को लगी आग ने इतनी तेजी पकड़ी कि दमकल के पहुंचने से पहले ही दुकानों का बड़ा हिस्सा जल चुका था। स्थानीय निवासियों ने शुरू में आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें बेकाबू थीं। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन जांच जारी है।

आग की घटनाएं केवल बनगांव तक सीमित नहीं रहीं। हावड़ा के डोमजूर स्थित जंगलपुर इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में एक पंखा बनाने वाली फैक्ट्री में आज सुबह करीब 6 बजे भीषण आग लग गई। आसमान काले धुएं से भर गया और आसपास की फैक्ट्रियों में भी डर का माहौल बन गया। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। वहीं, कल रात जगतबल्लभपुर के शंकरहाटी गांव में एक कंबल बनाने की फैक्ट्री में भी आग लग गई, जहां जूट और कपास के स्टॉक के कारण आग तेजी से फैली। राज्य में लगातार हो रही इन घटनाओं ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *