FASTag यूजर्स को झटका! 1 अप्रैल से महंगा होगा एनुअल पास, जेब पर बढ़ेगा बोझ

नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही वाहन चालकों के लिए एक बुरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 1 अप्रैल से फास्टैग (FASTag) के वार्षिक पास की दरों में वृद्धि करने का फैसला किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वार्षिक पास की फीस में लगभग 2.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। नेशनल हाईवे और एक्सप्रेस-वे का अक्सर उपयोग करने वाले लोगों के लिए अब सफर करना थोड़ा और महंगा हो जाएगा।
नए नियमों के मुताबिक, अब तक जो वार्षिक पास 3000 रुपये में मिलता था, उसके लिए 1 अप्रैल से 3075 रुपये चुकाने होंगे। यानी सीधे तौर पर 75 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यह वार्षिक पास उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद है जो साल भर में बार-बार टोल प्लाजा से गुजरते हैं। यह पास एक साल या 200 बार टोल पार करने तक वैध रहता है। जैसे ही इनमें से कोई भी एक सीमा पूरी होती है, पास की वैधता समाप्त हो जाती है। यह सुविधा देश के लगभग 1150 टोल प्लाजा पर उपलब्ध है, हालांकि निजी और राज्य राजमार्गों पर यह लागू नहीं होगी।
बढ़े हुए दाम लागू होने से पहले, यानी 31 मार्च तक यूजर्स पुराने रेट पर अपना पास रिन्यू करा सकते हैं। इसके लिए ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप या NHAI की वेबसाइट पर जाकर लॉग-इन करना होगा। वाहन पंजीकरण संख्या (VRN) दर्ज करने के बाद यूपीआई या नेट बैंकिंग के जरिए भुगतान किया जा सकता है। भुगतान के 2 घंटे के भीतर पास अपडेट हो जाता है। डिजिटल इंडिया के तहत कैशलेस ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार फास्टैग के इस्तेमाल पर जोर दे रही है, लेकिन वार्षिक शुल्कों में इस वृद्धि से नियमित यात्रियों पर आर्थिक दबाव बढ़ना तय है।