शेयर बाजार में हाहाकार! युद्ध की आहट से सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा टूटा, निवेशकों में मची भगदड़

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव ने भारतीय शेयर बाजार की कमर तोड़ दी है। सोमवार को बाजार खुलते ही दलाल स्ट्रीट में ‘ब्लैक मंडे’ जैसी स्थिति देखने को मिली। वैश्विक बाजारों में चल रहे भारी बिकवाली दबाव (Global Sell-off) के कारण भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स बुरी तरह धराशायी हो गए। इस भारी गिरावट ने निवेशकों के करोड़ों रुपये मिनटों में स्वाहा कर दिए हैं।
सुबह 9:16 बजे जैसे ही ट्रेडिंग शुरू हुई, सेंसेक्स 1,018 अंक यानी 1.38 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 72,560 के स्तर पर आ गया। वहीं, निफ्टी-50 भी 303 अंक या 1.23 प्रतिशत फिसलकर 22,516 के स्तर पर पहुंच गया। केवल बड़े शेयर ही नहीं, बल्कि मिडकैप और स्मॉलकैপ इंडेक्स में भी 2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टर-वार विश्लेषण करें तो बैंकिंग शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव देखा गया, जिसमें निफ्टी बैंक और पीएसयू बैंक सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। हालांकि, इस अफरातफरी के माहौल में मेटल सेक्टर ने कुछ हद तक खुद को संभालने की कोशिश की है।
दुनिया भर के बाजारों में डर का माहौल है क्योंकि अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष चौथे हफ्ते में प्रवेश कर गया है। इसका असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा; दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5.3 प्रतिशत और जापान का निक्केई 4.36 प्रतिशत तक गिर गया। कच्चे तेल की कीमतें भी आसमान छू रही हैं और ब्रेंट क्रूड 116.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी और हुथी विद्रोहियों के हमलों ने सप्लाई चेन पर संकट बढ़ा दिया है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था पर मंदी का खतरा मंडराने लगा है।