डिजिटल फ्रॉड पर लगाम! अब ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए पार करने होंगे सुरक्षा के कई स्तर

डिजिटल इंडिया के दौर में बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक क्रांतिकारी फैसला लिया है। 1 अप्रैल 2026 से डिजिटल पेमेंट के नियम पूरी तरह बदलने जा रहे हैं। अब किसी भी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के लिए केवल एसएमएस पर आने वाला ओटीपी (OTP) काफी नहीं होगा। सुरक्षित लेनदेन सुनिश्चित करने के लिए ग्राहकों को ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ के अतिरिक्त सुरक्षा चक्रों से गुजरना होगा।
नए नियमों के अनुसार, अब ‘डायनेमिक ऑथेंटिकेशन फैक्टर’ लागू होगा। इसका मतलब है कि एक विशिष्ट लेनदेन के लिए भेजा गया कोड केवल उसी राशि और समय के लिए वैध होगा। उदाहरण के लिए, यदि आपने 500 रुपये के लिए कोई कोड इस्तेमाल किया है, तो वही कोड 1000 रुपये के ट्रांजैक्शन में काम नहीं आएगा। बैंक और पेमेंट कंपनियां अब ग्राहकों के सत्यापन के लिए बायोमेट्रिक, पिन, पासवर्ड और बैंकिंग ऐप टोकन जैसे कई विकल्पों का उपयोग करेंगी।
इस बदलाव का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यदि धोखेबाज आपका सिम क्लोन (SIM Swap) भी कर लें, तब भी वे आपके खाते से पैसे नहीं निकाल पाएंगे क्योंकि उनके पास आपका बायोमेट्रिक या ट्रांजैक्शन पिन नहीं होगा। आरबीआई ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1 अप्रैल से यदि कोई वित्तीय नुकसान होता है, तो बैंक अपनी जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ पाएंगे। अब ग्राहकों की सुरक्षा का स्तर पहले से कहीं अधिक होगा और किसी भी संदिग्ध बड़े लेनदेन पर सिस्टम अतिरिक्त वेरिफिकेशन की मांग करेगा, जिससे जालसाजों के मंसूबों पर पानी फिरना तय है।