पश्चिम एशिया में युद्ध का कोहराम! अब तक 8 भारतीयों की मौत, विदेश मंत्रालय ने जारी किए डराने वाले आंकड़े

पश्चिम एशिया में युद्ध के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव अब जानलेवा साबित हो रहा है। हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यह संघर्ष कम से कम 4 से 6 सप्ताह तक और जारी रह सकता है। इस हिंसा की आग में न केवल स्थानीय लोग बल्कि वहां काम कर रहे भारतीय भी झुलस रहे हैं। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि इस संघर्ष में अब तक 8 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है, जबकि एक अब भी लापता है।

विदेश मंत्रालय की रिपोर्ट और ताजा हमले: नई दिल्ली में आयोजित एक बैठक के दौरान विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (खाड़ी क्षेत्र) असीम आर. महाजन ने बताया कि रविवार को कुवैत में हुए एक हमले में एक और भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हम मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।” इससे पहले 20 मार्च को मृतकों की संख्या 6 थी, जो अब बढ़कर 8 हो गई है।

ऑपरेशन वतन वापसी: युद्ध के बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, 28 फरवरी से अब तक लगभग 5.5 लाख यात्री भारत लौट चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत संयम बरतने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर जोर दे रहा है।

पीएम मोदी की कूटनीतिक पहल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 28 मार्च को सऊदी अरब के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान से फोन पर बात की। दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया के मौजूदा हालात और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। पीएम मोदी ने हमलों की कड़ी निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय नियमों के पालन और शांति बहाली की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *