“पापियों से कैश न लें, चरित्र खराब होगा!” गढ़बेता में ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को किया आगाह

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा और गढ़बेता में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर तीखा प्रहार किया। खराब मौसम और बारिश की आशंका के बीच आयोजित इस सभा में ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार और लालच से दूर रहने की कड़ी हिदायत दी। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव जीतने के लिए अनैतिक रास्तों का सहारा न लें।
कैश बनाम करैक्टर: गढ़बेता की रैली में ममता बनर्जी ने भाजपा द्वारा कथित तौर पर पैसे बांटने की राजनीति पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा, “पापियों से कैश मत लेना, इससे आपका चरित्र और आदर्श नष्ट हो जाएगा। अगर आज पैसे लिए, तो पूरी जिंदगी पछताना पड़ेगा।” उन्होंने नारा दिया— “चाहे जितने कैश दो, चाहे जितने नोट दो, नहीं मिलेगा वोट।”
वोटर लिस्ट और NRC का मुद्दा: ममता ने केंद्र सरकार पर वोटर लिस्ट में हेरफेर करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “चुनाव से ठीक तीन महीने पहले चालाकी से SIR (वोटर लिस्ट संशोधन) किया गया। अगर तृणमूल कांग्रेस लड़ाई नहीं लड़ती, तो 5 करोड़ लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब हो जाते।” NRC के मुद्दे पर उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि जब तक वह जीवित हैं, बंगाल में किसी को डिटेंशन कैंप नहीं जाना पड़ेगा।
शांति और स्वास्थ्य का वादा: पुराने दिनों को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़बेता कभी माओवादी आतंक और बंदूकों की राजनीति के लिए जाना जाता था, लेकिन उनकी सरकार ने यहाँ शांति स्थापित की है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा के आने से हिंसा का दौर वापस लौट सकता है। साथ ही, उन्होंने ‘द्वारे स्वास्थ्य’ (दरवाजे पर स्वास्थ्य सेवा) योजना का ऐलान किया, जिसके तहत अब डॉक्टर और नर्सों के साथ-साथ एक्स-रे जैसी मशीनें भी लोगों के घरों तक पहुंचेंगी।
पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी पर भी ममता ने सख्त रुख अपनाया और नेताओं को एकजुट होकर काम करने का निर्देश दिया। गढ़बेता की सभा खत्म करने के बाद वे हेलीकॉप्टर से बिष्णुपुर के लिए रवाना हो गईं।