हावड़ा में आधी रात को सनसनी! आपसी विवाद में चली गोली, बाल-बाल बची युवक की जान; २ हिरासत में

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के ठीक पहले हावड़ा का गोलाबाड़ी इलाका एक बार फिर गोलियों की गूँज से दहल उठा है। मंगलवार रात करीब ११ बजे सलकिया चौराहे के पास एक रेस्तरां में विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल पाल नाम का युवक आकाश यादव और विक्की डोलुई के साथ बैठा था, तभी उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आकाश यादव ने पिस्टल निकाल कर राहुल पर गोली चला दी। सौभाग्य से गोली राहुल को नहीं लगी और उनकी जान बच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही गोलाबाड़ी थाना और हावड़ा सिटी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश यादव और विक्की डोलुई को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा लग रहा है। चुनाव के माहौल में अपराधियों के पास अवैध हथियार कहाँ से आए, पुलिस इस पहलू की भी सघनता से जांच कर रही है।

उल्लेखनीय है कि इसी साल फरवरी में गोलाबाड़ी के पिलखाना इलाके में एक प्रमोटर की सरेआम हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद से ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त थी, लेकिन फिर से हुई इस फायरिंग ने पुलिस प्रशासन पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय निवासियों में चुनाव से पहले सुरक्षा को लेकर भारी डर और चिंता का माहौल है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *