“ईरान को पाषाण युग में भेज देंगे!” ट्रंप की खौफनाक चेतावनी से हिला मध्य पूर्व, युद्ध निर्णायक मोड़ पर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ (Operation Epic Fury) को लेकर बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को व्हाइट हाउस से राष्ट्र को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ युद्ध में उनके उद्देश्य लगभग पूरे हो चुके हैं। उन्होंने अमेरिकी सेना की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 32 दिनों में ऐसी जीत हासिल हुई है, जो पहले कभी नहीं देखी गई।
ईरान की बर्बादी का खाका: ट्रंप ने अपने भाषण में दावा किया कि ईरान की सैन्य शक्ति अब शून्य हो चुकी है। उनके अनुसार, ईरान की नौसेना और वायुसेना को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया गया है। मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की क्षमता खत्म हो चुकी है और हथियारों के कारखाने खंडहर में बदल गए हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान के पुराने कट्टरपंथी नेता अब नहीं रहे और उनकी जगह जो नई टीम आई है, वह कम उग्रवादी है।
अगले 2-3 हफ्तों की रणनीति: ट्रंप ने ईरान को खुली चेतावनी देते हुए कहा, “अगले दो से तीन हफ्तों में हम उन पर इतना भीषण हमला करेंगे कि वे पाषाण युग (Stone Age) में वापस चले जाएंगे।” उन्होंने धमकी दी कि यदि ईरान किसी समझौते पर नहीं आता है, तो अब उनके पावर प्लांट (बिजली घरों) को निशाना बनाया जाएगा। ट्रंप ने कहा, “हमने अभी तक उनके तेल क्षेत्रों को नहीं छुआ है, लेकिन हम ऐसा कर सकते हैं और हमें कोई रोक नहीं पाएगा।”
ट्रंप ने इजरायल, सऊदी अरब, कतर और यूएई जैसे सहयोगी देशों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने तेल आयातक देशों से अपील की कि वे जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद लें। ट्रंप का यह रुख संकेत दे रहा है कि आने वाले दिन ईरान के लिए और भी भयावह हो सकते हैं।