रणवीर कपूर का ‘राम’ अवतार देख थमी दुनिया की सांसें! ‘रामायणा’ के टीजर ने इंटरनेट पर मचाया गदर

जिस घड़ी का इंतजार करोड़ों सिनेमा प्रेमी और राम भक्त कर रहे थे, वह आखिरकार आ गई है। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर नितेश तिवारी की महागाथा ‘रामायणा’ का २ मिनट ३८ सेकंड का टीजर रिलीज कर दिया गया है। टीजर में रणबीर कपूर को भगवान राम के अवतार में देखकर फैंस मंत्रमुग्ध हो गए हैं। उनके चेहरे की शांति, आंखों की गहराई और राजसी ठाट-बाट ने यह साबित कर दिया है कि वह इस कालजयी भूमिका के लिए पूरी तरह योग्य हैं।

टीजर की शुरुआत एक विनाशकारी स्थिति से होती है, जहां अधर्म के नाश और शांति की स्थापना के लिए श्री राम का आगमन होता है। ५००० साल पुराने इतिहास को पर्दे पर उतारने के लिए निर्देशक नितेश तिवारी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। टीजर में रणबीर कपूर कभी भगवा वस्त्रों में धनुष-बाण लिए संघर्ष करते दिखते हैं, तो कभी अयोध्या के राजकुमार के रूप में अपना कर्तव्य निभाते नजर आते हैं। रावण के रूप में सुपरस्टार यश की झलक और हनुमान के रूप में सनी देओल की आवाज ने टीजर में चार चांद लगा दिए हैं।

फिल्म के वीएफएक्स (VFX) की जिम्मेदारी ८ बार के ऑस्कर विजेता ‘DNEG’ ने संभाली है, जबकि संगीत की कमान ए.आर. रहमान और हैंस ज़िमर जैसे दिग्गजों के हाथों में है। रणबीर की पत्नी आलिया भट्ट ने भी टीजर शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि यह फिल्म २०२६ और २०२७ में वैश्विक स्तर पर रिलीज होगी। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा, “यह फिल्म नहीं, बल्कि हमारी आस्था की अभिव्यक्ति है।” ‘रामायणा’ दो भागों में रिलीज होगी, जिसका पहला हिस्सा २०२६ की दिवाली पर और दूसरा हिस्सा २०२७ की दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *