इंसानों की जगह अब AI बनेगा बॉस! जैक डोर्सी की चेतावनी से कॉर्पोरेट जगत में हड़कंप, क्या खतरे में है आपकी नौकरी?

टेक इंडस्ट्री में छंटनी (Layoffs) का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ट्विटर के पूर्व सीईओ और ब्लॉक इंक के सह-संस्थापक जैक डोर्सी ने अब एक ऐसी भविष्यवाणी की है, जिसने कर्मचारियों की नींद उड़ा दी है। डोर्सी का मानना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के आने के बाद अब दफ्तरों में एक खास वर्ग के कर्मचारियों की कोई जरूरत नहीं रह गई है।
मिडल मैनेजर्स पर गिरी गाज: हाल ही में जैक डोर्सी की कंपनी ‘ब्लॉक’ ने 4000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है। डोर्सी का तर्क है कि ‘मिडल मैनेजर’ जैसे पदों पर अब भारी भरकम सैलरी देकर लोगों को रखने का कोई मतलब नहीं है। उनका दावा है कि AI इंसानों की तुलना में बेहतर तरीके से टीम के बीच तालमेल (Coordination) बना सकता है। डोर्सी के अनुसार, कंपनी में जितने कम सुपरवाइजर होंगे, काम उतनी ही तेजी से होगा।
इंटेलिजेंस नेटिव कंपनी का भविष्य: डोर्सी ने रोएलॉफ बोथा के साथ मिलकर एक ब्लॉग में भविष्य की कंपनियों का खाका तैयार किया है, जिसे उन्होंने ‘इंटेलिजेंस नेटिव’ नाम दिया है। इस मॉडल के तहत:
- मैनेजमेंट का काम पूरी तरह से AI सिस्टम करेगा।
- विशेषज्ञ सीधे AI से निर्देश प्राप्त करेंगे।
- वरिष्ठ कर्मचारियों का काम केवल जूनियरों को ट्रेनिंग देना होगा।
निवेशकों का समर्थन: हैरानी की बात यह है कि 4000 कर्मचारियों की छंटनी के बाद ब्लॉक के शेयरों में 20 फीसदी का उछाल देखा गया। इसका मतलब है कि बाजार भी इंसानों की जगह AI को प्राथमिकता देने के फैसले को पसंद कर रहा है। जैक डोर्सी की यह चेतावनी साफ संकेत है कि आने वाले समय में मैनेजमेंट लेवल की नौकरियां सबसे ज्यादा खतरे में हैं।