भारतीय मित्र सुरक्षित हाथों में हैं’, हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने भारत को दिया बड़ा भरोसा

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर भारत की चिंताओं पर ईरान ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने भारत को अपना ‘मित्र’ बताते हुए स्पष्ट किया है कि भारतीयों को इस व्यापारिक मार्ग को लेकर चिंतित होने की कोई आवश्यकता नहीं है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारत में ईरानी दूतावास ने एक पोस्ट साझा करते हुए कहा, “हमारे भारतीय मित्र सुरक्षित हाथों में हैं। चिंता का कोई कारण नहीं है।”
हॉर्मुज जलडमरूमध्य का महत्व: दुनिया की कुल ऊर्जा आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत इसी समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है। इजरायल और अमेरिका के साथ चल रहे संघर्ष के कारण यह मार्ग पिछले कुछ समय से लगभग ठप पड़ा है। ईरान ने केवल अपने मित्र देशों जैसे भारत, चीन, रूस और पाकिस्तान के जहाजों को ही यहाँ से गुजरने की अनुमति दी है। इस रुकावट के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
भारतीय जहाजों की स्थिति: वर्तमान में भारत के लिए एलपीजी, कच्चे तेल और एलएनजी ले जा रहे कुल 19 जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं। बंदरगाह और जलमार्ग मंत्रालय के अनुसार, इनमें 8 भारतीय ध्वज वाले जहाज शामिल हैं। हालांकि, ईरान के ताज़ा आश्वासन के बाद यह उम्मीद जगी है कि भारत के लिए ईंधन की आपूर्ति जल्द ही सुचारू हो जाएगी। दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने भी कहा कि ईरान और ओमान ही इस मार्ग का भविष्य तय करेंगे और भारत को डरने की जरूरत नहीं है।