“हमारी ताकत का अंदाजा नहीं है व्हाइट हाउस को!” ईरान ने ट्रंप के ‘सेना खत्म होने’ के दावे को नकारा

मध्य पूर्व में युद्ध की लपटें अब और तेज हो गई हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के २४ घंटे के भीतर, जिसमें उन्होंने ईरानी सेना को ‘अपंग’ बताया था, तेहरान ने बेहद कड़ा जवाब दिया है। गुरुवार को ईरानी सेना के प्रवक्ता ने स्पष्ट कर दिया कि यह लड़ाई तब तक नहीं रुकेगी जब तक अमेरिका पूरी तरह ‘अपमानित’ होकर घुटने नहीं टेक देता। ईरान के ‘खातम अल-अम्बिया’ मुख्यालय ने ट्रंप के अहंकार को सीधी चुनौती दी है।
ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी हमलों में ईरान की नौसेना और वायुसेना पूरी तरह तबाह हो चुकी है और उनका नेतृत्व खत्म हो गया है। इस पर पलटवार करते हुए ईरानी सैन्य अधिकारी ने कहा, “हमारी मिसाइल फैक्ट्रियों और अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक को नष्ट करने की ताकत व्हाइट हाउस में नहीं है। आपने जो हमला शुरू किया है, उसकी कीमत अब आपको चुकानी होगी। पिछले झटकों से भी भयानक हमले के लिए तैयार रहें।”
दूसरी ओर, ट्रंप अपनी जीत के दावों पर कायम हैं। उन्होंने गुरुवार सुबह फिर दोहराया कि अमेरिकी सैन्य अभियानों ने ईरान की कमर तोड़ दी है। ट्रंप के शब्दों में, “ईरानी नौसेना अब इतिहास बन चुकी है।” दोनों देशों के बीच जारी इस जुबानी जंग और सैन्य तैयारियों ने फारस की खाड़ी को बारूद के ढेर पर खड़ा कर दिया है। जानकारों का मानना है कि यह संघर्ष अब एक लंबे और विनाशकारी महायुद्ध की ओर बढ़ रहा है।