‘मुंबई के विव’ का निधन! जिनके बल्ले से सचिन तेंदुलकर ने जड़ा था करियर का पहला शतक

मुंबई क्रिकेट के गलियारों में ‘मुंबई के विव रिचर्ड्स’ के नाम से मशहूर पूर्व क्रिकेटर अनिल गुरव का मंगलवार को नालासोपारा स्थित उनके घर पर निधन हो गया। वे ६१ वर्ष के थे। दिग्गज कोच रमाकांत आचरेकर के सबसे प्रतिभाशाली शिष्यों में से एक अनिल गुरव अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी तकनीक के लिए जाने जाते थे।

अनिल गुरव का सचिन तेंदुलकर के साथ एक बेहद खास रिश्ता था। शारदाश्रम विद्यामंदिर में सचिन के सीनियर रहे अनिल ने ही उन्हें अपना बल्ला उधार दिया था, जिससे सचिन ने स्कूल क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाया था। विव रिचर्ड्स की तरह सटीक ‘स्क्वायर कट’ खेलने की उनकी क्षमता के कारण उन्हें कैरिबियाई दिग्गज के नाम से पुकारा जाता था। मुंबई के अनुभवी पिच क्यूरेटर नदीम मेमन ने बताया कि आचरेकर सर अक्सर सचिन और विनोद कांबली को अनिल गुरव की बल्लेबाजी देखने के लिए कहते थे ताकि वे कुछ सीख सकें। हालांकि, किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और वे घरेलू क्रिकेट के बड़े मंच तक नहीं पहुंच सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *