शादी के महज ५० दिनों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध मौत! दहेज के लिए हत्या या आत्महत्या?

हैदराबाद के साइबराबाद स्थित मियापुर इलाके में एक २६ वर्षीय महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की रहस्यमयी मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान इशिता यादव के रूप में हुई है, जिसका शव बुधवार शाम उसके अपार्टमेंट के हॉल में सीलिंग फैन से लटका मिला। इशिता के पति नीरज बंसल ने सबसे पहले पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन मायके पक्ष ने नीरज पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
५ साल का प्यार और शादी का दुखद अंत पुलिस जांच में पता चला है कि बिहार की रहने वाली इशिता और मध्य प्रदेश के नीरज की मुलाकात २०२० में सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। ५ साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद इसी साल २० फरवरी को पटना में दोनों की शादी हुई थी। शादी के बाद दोनों हैदराबाद शिफ्ट हो गए थे और आईटी सेक्टर में काम कर रहे थे।
दहेज और स्टार्टअप के लिए दबाव इशिता के माता-पिता का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही नीरज ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी थी। नीरज ने हाल ही में अपना एक स्टार्टअप शुरू किया था और वह चाहता था कि इशिता का परिवार उसमें बड़ी रकम निवेश करे। इस बात को लेकर इशिता पर लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिसिया कार्रवाई और जांच मियापुर पुलिस ने इशिता के परिवार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी पति नीरज बंसल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है।