२२ लाख का नकली माल जब्त: क्या आपके पसंदीदा ब्रांड के मसाले भी सेहत के लिए दुश्मन हैं?

आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी में समय बचाने के लिए लोग बाजार से मिलने वाले तैयार अदरक-लहसुन के पेस्ट (Ginger-Garlic Paste) का इस्तेमाल धड़ल्ले से कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि स्वाद और सुविधा के नाम पर आप अपनी थाली में जहर परोस रहे हैं? हैदराबाद पुलिस की टास्क फोर्स ने हाल ही में एक मसाला बनाने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी कर एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा था।

पुलिस द्वारा साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में फैक्ट्री की स्थिति भयावह दिखी। गंदे फर्श पर कीचड़ के बीच अदरक और लहसुन बिखरे हुए थे। जिन मशीनों में इन्हें पीसा जा रहा था, उनमें हफ़्तों की गंदगी जमी थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पेस्ट को खराब होने से बचाने और उसकी चमक बढ़ाने के लिए इसमें बेहद घटिया स्तर का एसिटिक एसिड (Acetic Acid) मिलाया जा रहा था। यह केमिकल इंसानी शरीर के लिए बेहद खतरनाक है।

डॉक्टरों के अनुसार, ऐसे मिलावटी पेस्ट के सेवन से फेफड़ों में संक्रमण, पाचन तंत्र की खराबी और गंभीर डायरिया जैसी बीमारियां हो सकती हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान २२ लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है, जिसमें ४०३२ किलो मिलावटी पेस्ट और ६२१० किलो सड़ा-गला कच्चा माल शामिल है। फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए घर पर पिसे हुए मसालों का ही उपयोग करना सबसे सुरक्षित विकल्प है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *