मालदा हिंसा पर ‘सुप्रीम’ एक्शन! मुख्य साजिशकर्ता मोफक्करुल इस्लाम बागडोगरा से गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के मालदा में बुधवार से जारी भारी बवाल के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य उकसावेबाज माने जाने वाले वकील मोफक्करुल इस्लाम को शुक्रवार को बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी से ठीक पहले फेसबुक लाइव में मोफक्करुल ने सफाई दी कि वह केवल वहां से गुजर रहे थे और आंदोलन से उनका सीधा लेना-देना नहीं है। हालांकि, पुलिस का आरोप है कि उनके भड़काऊ भाषण के बाद ही भीड़ हिंसक हुई और जजों को बंधक बनाया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने मालदा की घटना को ‘न्यायपालिका पर बेशर्म हमला’ करार देते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। शीर्ष अदालत के आदेश के बाद, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम डीआईजी के नेतृत्व में कोलकाता से मोथाबाड़ी और कालियाचक के लिए रवाना हो गई है। एनआईए ६ अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट पेश करेगी। एडीजी (उत्तर बंगाल) के. जयरामन के अनुसार, अब तक ३५ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और १९ मामले दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों में आईएसएफ उम्मीदवार शाहजहां अली कादरी भी शामिल हैं।
इस बीच, चुनावी माहौल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मालदा पहुंचीं। उन्होंने वैष्णवनगर की सभा में जजों को रोकने की घटना की कड़ी निंदा की और इसके लिए कांग्रेस समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया। ममता ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “लोगों में नाराजगी हो सकती है, लेकिन जजों को रोकना गलत है। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।” सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में बंगाल के मुख्य सचिव, डीजीपी और मालदा के डीएम-एसपी को भी कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।