नवान्न का बड़ा आदेश! बकाया महंगाई भत्ते की लिस्ट तैयार करें विभाग, चुनाव से पहले बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के लाखों सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। साल २००८ से २०१५ के बीच रिटायर हुए कर्मचारियों का लंबे समय से अटका हुआ बकाया महंगाई भत्ता (DA) और एरियर देने की प्रक्रिया अब शुरू हो गई है। शुक्रवार को वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस पूरी प्रक्रिया को १८० दिनों यानी ६ महीने के भीतर संपन्न करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासनिक और कानूनी पेचीदगियों के कारण यह भुगतान सालों से रुका हुआ था।
इस फैसले की सबसे बड़ी बात यह है कि इसका लाभ केवल रिटायर कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि फैमिली पेंशन पाने वाले सदस्यों को भी मिलेगा। नवान्न (राज्य सचिवालय) के अनुसार, यदि किसी कर्मचारी का निधन हो चुका है, तो बकाया राशि उनके नामांकित व्यक्ति (Nominee) के बैंक खाते में जमा की जाएगी। गौरतलब है कि २०१६ से २०१९ के बीच का बकाया डीए कार्यरत कर्मचारियों को पहले ही दिया जा चुका है, और अब इसी तर्ज पर पेंशनभोगियों का हिसाब चुकता किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने शिक्षा, परिवहन और पंचायत जैसे सभी प्रमुख विभागों को अपने-अपने लाभार्थियों की सूची जल्द से जल्द तैयार करने को कहा है। वित्त सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में वित्तीय सलाहकारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गणना में कोई त्रुटि न हो। नए वित्त वर्ष की शुरुआत में लिया गया यह निर्णय चुनावी मौसम में लाखों परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत देने वाला साबित होगा।