“दोपहर २:२२ बजे हुई थी आखिरी बात!” पत्नी मौपिया ने दर्ज कराई शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

बंगाली फिल्म निर्देशक उत्सव मुखर्जी के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की खबर से टॉलीवुड में हड़कंप मच गया है। गुरुवार दोपहर बैंक के काम से घर से निकले उत्सव का शुक्रवार तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और रेलवे पुलिस (GRP) के साथ मिलकर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, उत्सव के मोबाइल की आखिरी लोकेशन कोलकाता के उल्टाडांगा स्टेशन के पास मिली है।
उत्सव की पत्नी मौपिया बनर्जी ने बताया कि गुरुवार को उत्सव निमता स्थित एक बैंक में पुराने पारिवारिक खाते से पैसे निकालने गए थे। बैंक के काम के दौरान ओटीपी (OTP) की जरूरत थी, इसलिए उन्होंने अपना फोन पत्नी के पास छोड़ दिया और पिता का फोन लेकर बाहर गए। दोपहर २:२२ बजे उनकी पत्नी से आखिरी बार बात हुई थी, जिसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है। मौपिया का दावा है कि उत्सव पिछले कुछ दिनों से साइबर क्राइम से जुड़ी किसी समस्या को लेकर काफी तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने सोशल मीडिया से भी दूरी बना ली थी।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उत्सव का किसी से कोई विवाद नहीं था और वे चकाचौंध से दूर रहना पसंद करते थे। अभी तक परिवार को कोई धमकी भरा फोन नहीं आया है। पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या साइबर अपराध के तनाव के कारण उन्होंने खुद को कहीं अलग कर लिया है या यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। फिलहाल पूरे बंगाल फिल्म जगत में उनके सुरक्षित लौटने की दुआएं की जा रही हैं।