आसमान में छिड़ी जंग! अब तक २० अमेरिकी विमान और ड्रोन हुए तबाह, पेंटागन की चुप्पी पर सवाल

ईरान की सेना ने दावा किया है कि उसने मध्य ईरान के मरकज़ी प्रांत में अमेरिका के अत्याधुनिक F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। खातिम अल-अंबिया मुख्यालय के अनुसार, विमान के मलबे पर ब्रिटेन के लैकेनहीथ (Lakenheath) एयरबेस के निशान मिले हैं, जो अमेरिका का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक केंद्र है। ‘प्रेस टीवी’ और ‘मेहर न्यूज’ ने विमान के मलबे की तस्वीरें साझा करते हुए इसे ईरानी रक्षा प्रणाली की बड़ी जीत बताया है।

ईरान का कहना है कि विमान में हुए भीषण विस्फोट के कारण पायलट को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। इससे पहले १९ मार्च को भी ईरान ने एक F-35A गिराने का दावा किया था, जिसे अमेरिका ने खारिज कर दिया था। हालांकि, इस बार ईरान ने सबूत के तौर पर तस्वीरें पेश की हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन वे पहले भी ईरान के ऐसे दावों को ‘झूठ’ करार दे चुके हैं।

युद्ध के आंकड़ों पर गौर करें तो अमेरिका ने अब तक १६ से २० सैन्य विमान और ड्रोन खोए हैं। इनमें ९ से १२ MQ-9 रीपर ड्रोन शामिल हैं। दिलचस्प बात यह है कि कुछ विमान तकनीकी खराबी या कुवैत जैसे मित्र देशों की ‘फ्रेंडली फायर’ (गलती से अपनी ही सेना पर हमला) के कारण भी नष्ट हुए हैं। अगर ईरान का यह ताजा दावा सच साबित होता है, तो यह दुनिया के सबसे महंगे लड़ाकू विमान F-35 की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *