“राजनीति अब सिर्फ मनोरंजन है!” कोलकाता पहुंचे दिग्गज अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य ने दिया बेबाक बयान

हिंदी सिनेमा और ओटीटी की दुनिया में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाने वाले अभिनेता दिब्येंदु भट्टाचार्य हाल ही में अपनी जन्मभूमि कोलकाता पहुंचे। शहर के विभिन्न ऐतिहासिक स्थानों पर उन्होंने अपनी आगामी बंगाली फिल्म की शूटिंग पूरी की। अपनी भाषा और अपने लोगों के बीच काम करने के अनुभव को उन्होंने ‘कंफर्ट जोन’ करार दिया। शूटिंग के दौरान उन्हें ‘नबीना’ सिनेमा हॉल में फिल्में देखने की अपनी पुरानी यादें ताजा हो आईं।

खाने-पीने के शौकीन दिब्येंदु ने कोलकाता के मशहूर कचौड़ी, बिरयानी और चेलो कबाब का जमकर लुत्फ उठाया। हालांकि, एक सवाल जो हमेशा उनसे पूछा जाता है कि वह बंगाली फिल्मों में कम क्यों नजर आते हैं? इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा, “मैं और अधिक बंगाली फिल्में करना चाहता हूं। मैं चाहता हूं कि बंगाली सिनेमा का दायरा बढ़े और यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पुरानी पहचान वापस पाए।” उन्होंने सत्यजीत रे, मृणाल सेन और ऋतुपर्णो घोष जैसे दिग्गजों का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाली सिनेमा को फिर से उसी ऊंचाइयों पर ले जाने की जरूरत है।

पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर जब उनसे राजनीतिक माहौल पर सवाल किया गया, तो उन्होंने हंसते हुए एक कड़ा तंज कसा। दिब्येंदु ने कहा, “राजनीति अब मनोरंजन बन गई है। आजकल राजनीति के इर्द-गिर्द ऐसा कंटेंट तैयार किया जा रहा है जो लोगों को सिर्फ एंटरटेन करता है। व्हाई सो सीरियस?” उन्होंने साफ किया कि वोट देने के अलावा उनकी राजनीति में कोई विशेष रुचि नहीं है। उनका वोट मुंबई में है, लेकिन वह हमेशा देश की भलाई चाहते हैं। अभिनेता के इस बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *