केजरीवाल से आर-पार! राज्यसभा पद से हटाए जाने पर भड़के राघव चड्ढा, बोले- ‘मेरा गला घोंटा जा रहा है’

आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर चल रही अंदरूनी कलह अब खुलकर सड़क पर आ गई है। पार्टी ने अपने सबसे चर्चित युवा चेहरे, राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता (Deputy Leader) के पद से हटा दिया है। उनकी जगह अब अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पद से हटाए जाने के तुरंत बाद राघव चड्ढा ने एक सनसनीखेज वीडियो जारी कर सीधे तौर पर पार्टी नेतृत्व और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।

संसद भवन की पृष्ठभूमि वाले इस वीडियो में राघव चड्ढा ने भावुक और कड़े लहजे में कहा, “शायद इस तरह से मेरा मुंह बंद किया जा सकता है, लेकिन मुझे रोका नहीं जा सकता। मैं आम आदमी के हितों और उनकी समस्याओं के लिए आवाज उठाता हूं, क्या इसीलिए मेरी आवाज दबाई जा रही है?” उन्होंने आगे कहा कि लोगों के लिए बोलना कोई अपराध नहीं है और उन्हें चुप तो कराया जा सकता है, लेकिन हराया नहीं जा सकता।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राघव और आप के शीर्ष नेतृत्व के बीच संवाद पूरी तरह से बंद हो चुका है। आबकारी नीति मामले में जेल से रिहा होने के बाद राघव ने न तो केजरीवाल से मुलाकात की और न ही सोशल मीडिया पर कोई बधाई संदेश दिया। इसके बजाय, वह स्वतंत्र रूप से टेलिकॉम कंपनियों के रिचार्ज घोटाले और गिग वर्कर्स के अधिकारों पर अपनी राय रख रहे थे। पार्टी ने अब राज्यसभा में यह तक निर्देश दे दिया है कि राघव को ‘आप’ के आवंटित समय में बोलने का मौका न दिया जाए। इस टकराव ने संकेत दे दिए हैं कि राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के रास्ते अब अलग होने के कगार पर हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *