खाकी की आड़ में ‘गंदा खेल’! पति की रिहाई के बदले इंस्पेक्टर ने मांगी अस्मत, वीडियो लीक होने से मचा हड़कंप!

कर्नाटक के मंगलुरु से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पुलिस प्रशासन और मानवता को शर्मसार कर दिया है। दक्षिण कन्नड़ जिले के मुदाबिद्री पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर संदेश पी.जी. पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न और जबरन वसूली के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का दावा है कि जब वह अपने पति को छुड़ाने थाने पहुंची, तो इंस्पेक्टर ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की।
मामला तब शुरू हुआ जब महिला के पति को एक कथित झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया। जब महिला मदद के लिए इंस्पेक्टर संदेश के पास गई, तो उसने पति को छोड़ने के बदले 25 लाख रुपये की मांग की। महिला ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो इंस्पेक्टर ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए उसे बिस्तर पर चलने का ऑफर दिया।
पीड़िता के अनुसार, इंस्पेक्टर ने अहंकार में कहा कि उसने खुद 50 लाख रुपये देकर यह पोस्टिंग ली है, इसलिए उसे वसूली तो करनी ही पड़ेगी। उसने धमकी दी कि यदि महिला उसकी बात नहीं मानेगी, तो उसके पति को ‘राउडी शीट’ (हिस्ट्रीशीटर) घोषित कर उसका करियर बर्बाद कर दिया जाएगा। इंस्पेक्टर ने यहाँ तक दावा किया कि उससे पहले कई महिलाएं उसके साथ ‘सहयोग’ कर चुकी हैं।
इस मामले के तूल पकड़ते ही कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। पीड़िता ने हार न मानते हुए राज्य की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश, डीजीपी और गृह मंत्री को शिकायत भेजी है। सबूत के तौर पर उसने करीब 250 ऑडियो और वीडियो क्लिप वाली एक सीडी भी सौंपी है। जांच में पता चला है कि संदेश के खिलाफ तीन और महिलाओं ने इसी तरह के शोषण के आरोप लगाए हैं। रक्षक जब भक्षक बन जाए, तो जनता न्याय के लिए कहाँ जाए? यह सवाल अब पूरे कर्नाटक में गूंज रहा है।